अगली ख़बर
Newszop

बीजेपी ने वसुंधरा के सांसद बेटे को दिया अंता सीट पर जीत का जिम्मा, जानें चुनाव समिति में दुष्यंत सिंह के साथ और कौन कौन

Send Push
जयपुर: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राजस्थान इकाई ने अंता विधानसभा उपचुनाव के लिए विशेष चुनाव समिति का गठन कर दिया है। उपचुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए यह समिति मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार करेगी। इस समिति में चुनाव प्रभारी पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बेटे और सांसद दुष्यंत सिंह को बनाया है। बता दें कि अंता विधानसभा सीट 11 नवंबर को उपचुनाव होना है, जबकि परिणाम 14 नवंबर को घोषित होंगे। यह सीट पूर्व विधायक कंवरलाल मीणा को जेल की सजा के बाद खाली हुई थी।

दुष्यंत सिंह प्रभारी, जानें समिति में किस किस को जिम्मा
समित में चुनाव प्रभारी सांसद दुष्यंत सिंह को बनाया गया है। दुष्यंत सिंह झालावाड़-बारां सीट पर वर्तमान सांसद हैं। इस संसदीय क्षेत्र में 1989 से भाजपा का दबदबा है। यहां से पूर्व में वसुंधरा राजे और फिर दुष्यंत सिंह सांसद का चुनाव जीतते आए हैं। दुष्यंत सिंह के साथ चुनाव प्रभारी मंत्री का जिम्मा मंत्री जोगाराम पटेल को दिया गया है। दो चुनाव सह-प्रभारी बनाए गए हैं। इनमें विधायक श्रीचंद कृपलानी और जिला प्रभारी छगन माहुर शामिल हैं। वहीं, समित में बारां के जिलाध्यक्ष नरेश सिकरवार और प्रदेश मंत्री महेन्द्र कुमावत को प्रबंधक बनाया गया है।



चुनाव प्रचार-प्रसार के लिए 11 नेताओं के नाम शामिल किए गए हैं। इनमें राज्य सभा सांसद राजेन्द्र गहलोत, मंत्री मंजू बाघमार, बारां अटरू विधायक राधेश्याम बैरवा बेगू विधायक सुरेश धाकड़, खाजूवाला विधायक विश्वनाथ मेघवाल, अजमेर विधायक अनिता भदेल, छबड़ा विधायक प्रताप सिंह सिंघवी, चित्तौडगढ़ विधायक चन्द्रभान सिंह आक्या, किशनगंज विधायक ललित मीणा, पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंघल और वरिष्ठ कार्यकर्ता तुलसीराम धाकड़ हैं।


भाजपा उम्मीदवार मोरपाल सुमन की जीत के लिए रणनीति
भाजपा ने अंता से अपनी उम्मीदवार के रूप में बारां पंचायत समिति के प्रधान मोरपाल सुमन को नामित किया है। सुमन माली समुदाय से संबंधित हैं और स्थानीय स्तर पर सक्रिय नेता माने जाते हैं। प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि मोरपाल सुमन की मेहनत और पार्टी की मजबूत नीतियों के दम पर अंता सीट पर शानदार जीत हासिल की जाएगी।


कांग्रेस ने प्रमोद जैन भाया को मैदान में उतारा, निर्दलीय भी ठोक रहे ताल
कांग्रेस ने अंता से प्रमोद जैन को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। उधर नरेश मीणा और अन्य निर्दलीय उम्मीदवारों ने चुनाव को और रोचक बना दिया है। बता दें कि अंता में कुल 2 लाख 27 हजार 563 मतदाता हैं, जिनमें 1 लाख 15 हजार 982 पुरुष, 1 लाख 10 हजार 241 महिलाएं और 4 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं।

न्यूजपॉईंट पसंद? अब ऐप डाउनलोड करें